अररिया, 09फरवरी ।फारबिसगंज सुभाष चौक पर एक अरब 16 करोड़ रुपैये की लागत से रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण किया जायेगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के द्वारा जल्द ही आरओबी निर्माण का काम प्रारंभ किया जायेगा।
फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केसरी ने अपने आवास स्थित जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी।विधायक श्री केसरी के अलावा कांफ्रेंस में भाजपा नगर अध्यक्ष रजत सिंह,मनोज कुमार झा,सुनील चौरसिया,अविनाश कन्नोजिया अंशु,मृत्युंजय झा, प्रेम केसरी मौजूद थे।
विधायक केसरी ने आगे जनाकरी देते हुए कहा कि बिहार सरकार ने आरओबी के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।विधायक श्री केसरी ने बताया कि सुभाष चौक रेलवे क्रासिंग पर पहले आरओबी लगभग 64 करोड़ की लागत से बनना था लेकिन उसके बाद पथ निर्माण विभाग ने इसका पुनः प्राक्कलन बना कर एनएफ रेलवे मालीगांव के जीएम को एनओसी के लिए भेजा।एनओसी प्राप्त होने के बाद अब सुभाष चौक पर 01 अरब 16 करोड़ की लागत से आरओबी निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।विधायक श्री केसरी ने कहा कि बिहार के कुल 48 फ्लाई ओवर ब्रिज अर्थात आरओबी में सुभाष चौक का आरओबी भी शामिल है।
विधायक केसरी ने कहा कि सुभाष चौक पर आरओबी के निर्माण हो जाने से वहां लगने वाले भीषण जाम की समस्या से शहर के लोगो को निजात मिल जायेगा।
विधायक श्री केसरी ने पत्रकारों को आगे जानकारी देते हुए बताया कि फारबिसगंज — जोगबनी मुख्य मार्ग एनएच 57 ए पर मीरगंज में परमान नदी पर अवस्थित जर्जर हो चुके ऐतिहासिक लोहे के पुल के जगह पर अब 25 करोड़ 69 लाख रुपया की लागत से पुल का निर्माण होगा, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।विधायक ने कहा कि वर्ष 2017 में मीरगंज में परमान नदी पर अवस्थित ऐतिहासिक पुल के जर्जर हो जाने व बड़े वाहनों के उक्त पुल पर प्रवेश करने पर रोक लग जाने के बाद लगातार विधान सभा मे मामला उठाने के फलस्वरूप जर्जर लोहे के पुल के जगह पर पुल निर्माण होने की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है।
