नई दिल्ली, 06 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुसार दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार को तेज हवाओं के साथ मेघ फिर से बरसेंगे, जिससे यहां के निवासी और अधिक सुहावने मौसम का लुत्फ उठाएंगे। वहीं, गुजरात, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी घनघोर वर्षा होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार राजधानी में मंगलवार को कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, 8 और 9 जुलाई को भी यही स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान यहां का तापमान भी सामान्य रहेगा। इस दिन तेज हवाओं का असर रहने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी में पिछले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा होने से मौसम सुहावना हो गयी था लेकिन आज फिर से तीखी धूप खिलने से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके कारण से लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तरी अंदरूनी ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसलिए अगले तीन दिनों के दौरान देश के मध्य हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। 7 जुलाई को कोंकण, गुजरात और तटीय कर्नाटक में, 7-8 जुलाई के दौरान मध्य महाराष्ट्र में, 8 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 24 घंटे से लेकर छह दिनों के दौरान कहीं हल्की से मध्यम और कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं। इन्हीं क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में अगले छह दिनों के दौरान तकरीबन 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो भीषण आंधी का भी रूप धारण कर सकती है।
