गरियाबंद ।जिले के देवभोग तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटगांव में कोटवार नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए तहसील कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। इस दौरान 100 से अधिक ग्रामीणों ने तहसीलदार के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम में नए कोटवार की नियुक्ति नियमों को दरकिनार कर की गई है। उनका कहना है कि तत्कालीन कोटवार गुलाब बघेल के निधन के बाद उनके परिवार से ही योग्य उत्तराधिकारी की नियुक्ति की जानी थी। इसके लिए ग्राम सभा आयोजित कर वास्तविक उत्तराधिकारी का नाम भी प्रस्तावित किया गया था, लेकिन इसके विपरीत दूसरे परिवार की महिला को कोटवार नियुक्त कर दिया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नियुक्त की गई महिला इस पद के लिए पात्र नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से नियुक्ति आदेश की जांच कर उसे निरस्त करने की मांग की है। ग्राम सरपंच ने भी मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और जरूरत पड़ने पर न्यायालय जाने की बात कही है।
वहीं, तहसीलदार ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोटवार नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार और शासन द्वारा प्रदत्त अधिकारों के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नियुक्ति आदेश जारी किया गया है।
फिलहाल कोटवार नियुक्ति का यह मामला गरमाता जा रहा है। ग्रामीणों ने न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है, जबकि प्रशासन ने मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
