Oplus_16908288
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ खेल मंत्रियों की बैठक के दौरान कॉमनवेल्थ की चुनी हुई सेक्रेटरी-जनरल शर्ली अयोरकोर बोचवे से द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने खेल सहयोग, लैंगिक समानता और भारत की 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स मेजबानी की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
भारत के खेल सुधारों को किया साझा
बैठक के दौरान मनसुख मांडविया ने जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से शुरू की गई भारत की प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘खेलो भारत नीति’ और ‘अस्मिता लीग’ का उल्लेख करते हुए बताया कि ये पहल खेल संस्कृति को मजबूत करने, लैंगिक समावेशिता बढ़ाने और देशभर में खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
एक्स पर साझा की बैठक की जानकारी
मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि ग्लासगो में कॉमनवेल्थ खेल मंत्रियों की बैठक के दौरान उनकी कॉमनवेल्थ की चुनी हुई सेक्रेटरी-जनरल शर्ली अयोरकोर बोचवे के साथ सार्थक बैठक हुई। उन्होंने कहा कि इस दौरान भारत के खेल सुधारों और जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई।
खेल सहयोग और निवेश बढ़ाने पर जोर
बैठक में दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय खेल साझेदारियों को मजबूत करने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा व्यापार और निवेश के नए अवसरों के लिए ‘कॉमनवेल्थ एडवांटेज’ का बेहतर उपयोग करने पर भी विचार-विमर्श किया। यह चर्चा ऐसे समय हुई है, जब भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारत की तैयारियों का किया उल्लेख
मांडविया ने कॉमनवेल्थ खेल मंत्रियों की बैठक में भारत की बढ़ती खेल क्षमता और वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी के अनुभव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत 2030 में होने वाले शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है और अहमदाबाद में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है।
2036 ओलंपिक दावेदारी को भी देंगे गति
खेल मंत्री भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए ग्लासगो पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान वह विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ अन्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में अहमदाबाद में 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।
