पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान द्वारा एक दूसरे के ठिकानों पर की जा रही बमबारी थमी तो इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ-साफ नजर आया। पश्चिम एशिया में युद्ध थमते ही घरेलू शेयर बाजार लगातार पांच कारोबारी दिन से जारी गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगाते हुए जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा।
आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दोपहर 11 बजे तक मामूली उतार चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 549.21 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,608.98 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद सुबह 10:30 बजे तक लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। सुबह 11 बजे के थोड़ी देर पहले खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल ने रफ्तार पकड़ ली।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 841.74 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की उछाल के साथ 76,901.51 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मामूली मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से थोड़ा फिसल कर 776.01 अंक की तेजी के साथ 76,835.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 160.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत उछल कर 23,928.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले दो घंटे के कारोबार में इस सूचकांक की चाल में मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी फिसल कर 23,891.55 अंक तक गया, लेकिन सुबह 10:30 बजे के बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी।
