July 28, 2026

Blog

Spread the love

काठमांडू, 28 जुलाई । नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई हिंसा के बाद शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों के कारण लोगों में भय व्याप्त है।विराटनगर और दक्षिणी सुनसरी में शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। रविवार रात देवानगंज में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए गोली चलानी पड़ी। इस दौरान स्थानीय निवासी की मौत हो गई । इस घटना में २१ अन्य लोग घायल हुए हैं।

इसी घटना के विरोध में सोमवार को विराटनगर में प्रदर्शन हुआ था, जिसके चलते मंगलवार को स्कूल नहीं खुले। विराटनगर महानगरपालिका की शिक्षा महाशाखा ने औपचारिक रूप से स्कूल बंद करने का निर्णय नहीं लिया था, लेकिन सुरक्षा के जोखिम और यातायात में रुकावट की चेतावनियों के कारण शैक्षणिक संस्थान स्वतः ही बंद रहे।

महानगर के शिक्षा महाशाखा प्रमुख रामप्रसाद ढुंगेल के अनुसार, स्कूली बसों के संचालन में बाधा पहुंचाए जाने की खबरों के बाद स्कूलों ने पठन-पाठन रोक दिया। ढुंगेल ने कहा, “महानगर ने स्कूल की छुट्टी का औपचारिक फैसला तो नहीं किया है, लेकिन सुबह से ही स्कूल और कॉलेज नहीं खुले। जब स्कूल बसें चला पाना संभव नहीं रहा, तो संस्थान बंद कर दिए गए।”

कप्तानगंज की घटना के विरोध में सुनसरी के दक्षिणी इलाकों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के शोक में देवानगंज और हरिनगर गांवपालिका ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों के कारण सुनसरी के दक्षिणी क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थान भी आज बंद रहे।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दिए जाने की जानकारी दी है।