नई दिल्ली, 26 नवंबर। दिल्ली के लोकतंत्र सेनानियों की लंबित मांगों को लेकर लोकतंत्र सेनानी संघ 18 दिसंबर को दिल्ली विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन होने वाले इस प्रदर्शन में संघ के पदाधिकारी और लोकतंत्र सेनानी मुंह पर काली पट्टी बांधकर तथा हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगें रखेंगे।
प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय सह संरक्षक अश्विनी कुमार चौबे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओपी बब्बर, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजन ढींगरा और दिल्ली प्रदेश महामंत्री राज कुमार सापरा सहित बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी शामिल होंगे।
अश्विनी कुमार चौबे के दिल्ली आवास पर गुरुवार को आयोजित संघ की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में दिल्ली के लोकतंत्र सेनानियों को अन्य राज्यों की तर्ज पर मासिक सम्मान निधि प्रदान करने, उन्हें सम्मान पत्र एवं ताम्रपत्र से सम्मानित करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को लेकर दिल्ली सरकार से निर्णायक कार्रवाई की मांग करने का फैसला किया गया।
अश्विनी चौबे ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों ने यातनाएं झेलीं और अपने व्यक्तिगत जीवन की परवाह किए बिना लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए योगदान दिया। ऐसे सेनानियों को सम्मानजनक जीवन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। संघ लंबे समय से दिल्ली के लोकतंत्र सेनानियों के लिए सम्मान निधि, सम्मान पत्र, ताम्रपत्र और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ओपी बब्बर के नेतृत्व में दिल्ली प्रदेश संगठन इन मांगों को लेकर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष कई बार अपनी बात रख चुका है। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों और नेतृत्व को पत्र लिखने के साथ ही कई स्तरों पर मुलाकात भी की गई है। इसके बावजूद दिल्ली के लोकतंत्र सेनानियों की मांगों पर अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ है।
