November 29, 2026

Blog

Spread the love

तेहरान (ईरान)/रियाद (सऊदी अरब), 29 नवंबर । अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि जब तक उसकी शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, वह होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखेगा। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रियाद को निशाना बनाकर दागी गई एक मिसाइल को नाकाम करने का दावा किया है। दूसरी ओर, तेहरान ने इराक के साथ अपने आर्थिक संबंधों में विदेशी हस्तक्षेप के खिलाफ चेतावनी दी है। संयुक्त अरब अमीरात ने बहरीन को निशाना बनाकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की निंदा की है।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार ईरान का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) बंद रहेगा। ईरानी सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातमी ने चेतावनी दी है कि जब तक तेहरान की शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ तनाव व्याप्त है।

नौसेना दिवस के मौके पर संदेश में हातमी ने होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी में नाकेबंदी बनाए रखने में ईरानी नौसेना की भूमिका की तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि ईरानी नौसेना ने इन इलाकों में अपने विरोधियों की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ईरान किसी भी आक्रामकता का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। हातमी ने हमलों में मारे गए अपने नाविकों की मौत का बदला लेने का संकल्प लिया। उनके यह बयान विदेशमंत्री अब्बास अरागची के ईरान के समुद्री हितों की रक्षा में नौसेना की भूमिका की तारीफ करने के बाद आया है।

ईरान के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार तेहरान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी ड्रोन ने मछली पकड़ने वाली एक नाव पर हमला किया। नाव में तीन लोग सवार थे। इनमें से दो नाविक मिल गए हैं। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। सरकारी मीडिया ने बताया कि यह हमला दक्षिणी ईरान के सिरिक काउंटी के पास किया गया।

इस बीच सऊदी अरब ने कहा कि रियाद की ओर आ रही हूती मिसाइल को मार गिराया गया है। यमन के हूती समूह से लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उसने एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया है। इस मिलाइल को सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाने के लिए दागा गया था। महत्वपूर्ण यह है कि ईरान समर्थित हूती समूह के नियंत्रण वाले इलाकों पर हो रहे हमलों के जवाब में लगभग रोजाना सऊदी अरब को निशाना बनाया जा रहा है।

यह गठबंधन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में जवाबी कार्रवाई कर रहा है। जुलाई में गृहयुद्ध फिर से शुरू होने के बाद से यह सरकार यमन के भीतर अपने इलाकों को लेकर हूती से लड़ रही है। गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने एक्स पर लिखा, “एयर डिफेंस सिस्टम ने हूती आतंकवादी मिलिशिया की रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट कर दिया।”

कुछ घंटे पहले उन्होंने बताया था कि गठबंधन सेना ने हूती के उन सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है, जिनका इस्तेमाल यमन और सऊदी अरब में हमले करने के लिए किया जा रहा था। साथ ही इन ठिकानों का इस्तेमाल “दक्षिणी लाल सागर और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता के लिए खतरा पैदा करने” के लिए भी किया जा रहा था।

इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बहरीन के प्रति अपना समर्थन जताया है। साथ ही, लेबनान की राजधानी बेरूत में हुई एक बैठक के दौरान बहरीन और उसकी न्यायिक प्रणाली के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों की कड़ी निंदा की है। एक बयान में यूएई के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब बहरीन को नीचा दिखाने या उसके आंतरिक मामलों में दखल देने की किसी भी कोशिश को पूरी तरह खारिज करता है।

मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि देशों की संप्रभुता और न्यायिक संस्थानों का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही, आपसी सम्मान और एक-दूसरे के आंतरिक मामलों में दखल न देने के सिद्धांतों का पालन करना भी जरूरी है। यूएई ने लेबनान के विदेश मंत्रालय के रुख की भी सराहना की, जिसने स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान दिए गए बयान लेबनान की आधिकारिक स्थिति या नीति को नहीं दर्शाते हैं।

मंत्रालय ने कहा कि भविष्य में ऐसी अपमानजनक टिप्पणियों को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि लेबनान की जमीन का इस्तेमाल अन्य अरब देशों को नीचा दिखाने के लिए न किया जाए। यूएई ने बहरीन और लेबनान दोनों के साथ अपने भाईचारे वाले संबंधों को मजबूत करने, आपसी सहयोग को बढ़ावा देने और अरब देशों के बीच संयुक्त प्रयासों को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।