October 8, 2026

Blog

Spread the love

जगदलपुर, 08 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

जगदलपुर शहर में इस परीक्षा के लिए कुल 08 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,803 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय शांति नगर, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र नगर वार्ड तथा स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा में 360-360 परीक्षार्थी बैठेंगे। इसके अलावा, स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल अग्रसेन चैक केंद्र में 283 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में प्रशासन ने निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए कड़ी व्यवस्था की जा रही है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पूर्व अपने आवंटित केंद्र पर पहुंचना होगा, जहां मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से उनकी सघन जांच की जाएगी। इसके बाद वीक्षकों द्वारा उनके मूल प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को इंटरनेट से निकाला गया स्पष्ट मूल प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा और यदि प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, तो उन्हें दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लानी होगी।

परीक्षा के दौरान सख्त ड्रेस कोड लागू रहेगा, जिसके तहत परीक्षार्थियों को केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े पहनकर आना होगा तथा पैरों में सिर्फ चप्पल पहनने की अनुमति होगी। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी, धूप का चश्मा, टोपी, स्कार्फ, पर्स, कान की बाली, झुमके या किसी भी प्रकार के आभूषण, हाथ में बंधे धागे तथा मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।