May 1, 2026

Blog

Spread the love

नई दिल्ली, 01 मई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं ने बुद्ध पूर्णिमा की बधाई दी।

राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सभी देशवासियों और पूरे विश्व में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को बधाई एवं शुभकामनाएं।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन और शिक्षाएं करुणा, अहिंसा और ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करती हैं। शांति, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का उनका कालातीत संदेश आज की दुनिया में भी गहराई से प्रासंगिक है। यह पवित्र दिन हमें दयालुता अपनाने, सद्भाव को बढ़ावा देने और सभी की भलाई के लिए काम करने के लिए प्रेरित करे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुद्ध पूर्णिमा पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैशाख की पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, जागरूकता और अध्यात्म एवं मानवता के मार्ग पर अनवरत चलने का संकल्प है। भगवान बुद्ध का संपूर्ण जीवन त्याग, ज्ञान और करुणा की अद्वितीय यात्रा था। एक ऐसी यात्रा जिसने मानव जीवन के गूढ़ प्रश्नों का सरल और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया। भगवान बुद्ध ने अहिंसा, सहिष्णुता और समभाव को जीवन का आधार बताया। उनका दर्शन हमें यह प्रेरणा देता है कि हम अपने भीतर के अज्ञान, क्रोध और अहंकार को त्यागकर सत्य, मैत्री और करुणा के पथ पर चलें।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन हमें सत्य, अहिंसा और करुणा के पथ पर चलते हुए मानवता के कल्याण के लिए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनका अमूल्य ज्ञान युगों-युगों तक मानव सभ्यता को आलोकित करता रहेगा।

केंद्रीय सड़कपरिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अहिंसा एवं करुणा की प्रतिमूर्ति भगवान बुद्ध ने संपूर्ण विश्व को शांति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका जीवन दर्शन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा बुद्ध का जीवन एवं उनके विचार पूरी मानवता को शांति, करुणा और आत्मबोध की प्रेरणा देते हैं। उनका संदेश आज ढाई हजार साल बाद भी अत्यंत प्रासंगिक हैं और भावी पीढ़ियों को भी उनके विचार सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व को सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध की शिक्षाएं एवं पुण्य विचार सर्वदा हमें मानवता की सेवा एवं कल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। सभी उनके अमूल्य उपदेशों को आत्मसात कर श्रेष्ठतम समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा कि बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान बुद्ध द्वारा प्रतिपादित सत्य, अहिंसा, समर्पण एवं शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के उपदेश मानवजाति के लिए अनुपम उपहार है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुद्ध पूर्णिमा पर कहा कि करुणा, शांति और अहिंसा की प्रतिमूर्ति तथा बौद्ध धर्म के प्रवर्तक महात्मा बुद्ध का जीवन-दर्शन हम सभी को लोभ, मोह और भोग-विलास से दूर रहकर सत्य, संयम और जागरूकता का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। उनके द्वारा प्रतिपादित आर्य सत्य और अष्टांगिक मार्ग मानव जीवन को संतुलन, नैतिकता और आंतरिक शांति की ओर ले जाते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुद्ध पूर्णिमा पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन और शिक्षाएं कालातीत, शाश्वत और सार्वभौमिक ज्ञान रखती हैं। सत्य, करुणा, अहिंसा, सावधानी और समानता के उनके संदेश ने न केवल हमारी सभ्यता को आकार दिया, बल्कि संघर्ष और अनिश्चितता से भरे युग में भी मानवता का मार्गदर्शन करना जारी रखा है। उनका मार्ग हमें याद दिलाता है कि आंतरिक शांति एक न्यायपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण दुनिया की नींव है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध का जीवन दर्शन और उनके विचार सम्पूर्ण मानवता के लिए शिक्षा हैं – अहिंसा, करुणा, सत्य, सामाजिक समरसता और नैतिकता की।