नई दिल्ली, 07 अगस्त। दिल्ली में वाहन चलाने वालों को अब रास्ते में आने वाले हादसे संभावित क्षेत्रों की जानकारी पहले ही मिल सकेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए तकनीक आधारित नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत दिल्ली की सड़कों पर चिन्हित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के करीब पहुंचते ही वाहन चालकों को गूगल मैप और मैप मई इंडिया के माध्यम से अलर्ट मिलेगा। साथ ही डिजिटल मैपिंग प्लेटफार्म पर दिल्ली की सड़कों की निर्धारित अधिकतम गति सीमा की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ट्रैफिक की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता गोयल आर्या ने शुक्रवार को बताया कि ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि सड़क पर संभावित खतरे और निर्धारित गति सीमा की जानकारी समय रहते मिलने से चालक अधिक सतर्क होकर वाहन चलाएंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं और वाहनों की टक्कर के मामलों में कमी लाने में मदद मिलेगी। यह पहल खासतौर पर तेज रफ्तार या परिस्थितियों के अनुरूप अधिक गति से वाहन चलाने के कारण होने वाले हादसों को रोकने में उपयोगी साबित हो सकती है।
हादसे वाले क्षेत्र के पास पहुंचते ही मिलेगा अलर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दिल्ली की सड़कों पर ऐसे स्थानों की पहचान की गई है जहां दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है। इन चिन्हित क्षेत्रों के संबंध में जानकारी डिजिटल नेविगेशन प्लेटफार्म से जोड़ी जाएगी। जब कोई वाहन चालक ऐसे क्षेत्र की ओर बढ़ेगा तो गूगल मैप और मैप माई इंडिया के जरिए उसे अलर्ट मिलेगा। इसका उद्देश्य चालक को पहले से सतर्क करना है, ताकि वह अपनी गति नियंत्रित कर सके और सड़क की परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी से वाहन चलाए।
नई पहल के तहत दिल्ली की सड़कों पर लागू निर्धारित अधिकतम गति सीमा की जानकारी भी डिजिटल मैपिंग प्लेटफार्म के जरिए वाहन चालकों तक पहुंचाई जाएगी। इससे चालक जिस सड़क पर सफर कर रहा होगा, वहां लागू गति सीमा को आसानी से जान सकेगा। ट्रैफिक पुलिस को उम्मीद है कि इससे गति सीमा के पालन को बढ़ावा मिलेगा और तेज रफ्तार के कारण होने वाले हादसों को कम करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पहले से ही तकनीक का इस्तेमाल सड़क की स्थिति और यातायात प्रबंधन के लिए कर रही है। इसके जरिए वाहन चालकों तक सड़क की स्थिति, ट्रैफिक जाम, अधिक यातायात वाले क्षेत्र, डायवर्जन, सड़क बंद होने और यातायात से जुड़े अन्य घटनाक्रमों की जानकारी समय पर पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। इससे लोग अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग चुन सकते हैं।
गूगल इंडिया और मैपमाइइंडिया के साथ साझेदारी
इस नई सड़क सुरक्षा पहल को लागू करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने और गूगल इंडिया और मैपमाइइंडिया के साथ सहयोग किया है। डिजिटल नेविगेशन प्लेटफार्म पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को एकीकृत किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से वाहन चालकों को समय पर ऐसी जानकारी उपलब्ध कराना है, जो उनके लिए सीधे उपयोगी और कार्रवाई योग्य हो।
