May 15, 2026

Blog

Spread the love

 नई दिल्ली, 15 मई । दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से शुक्रवार को दिल्ली के सेंट्रल विस्टा इलाके में हाइड्रोजन से चलने वाली एकीकृत शटल बस सेवा शुरू की। आज सुबह 8:30 बजे केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से यात्रियों के लिए दो शुरुआती बसें रवाना की गईं। डीएमआरसी ने एक बयान में यह जानकारी दी है।

बयान के मुताबिक डीएमआरसी और आईओसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के निदेशक (रिफाइनरी) अरविंद कुमार ने डीएमआरसी के निदेशक (संचालन एवं सेवा) डॉ. अमित कुमार जैन को बसों की चाबियां सौंपीं। इन बसों में 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। ये बसें जीपीएस-आधारित ट्रैकिंग और सीसीटीवी सिस्टम से लैस हैं, जो वास्तविक समय की निगरानी, सुरक्षा, समय की पाबंदी और मार्ग के पालन को सुनिश्चित करती हैं।

यह शटल सेवा सभी कार्यदिवसों (सोमवार से शुक्रवार, राजपत्रित छुट्टियों को छोड़कर) पर कार्यालय के व्यस्त समय के दौरान निम्नलिखित समय पर उपलब्ध रहेगी- सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 3:30 से शाम 6:30 बजे तक। हर 30 मिनट में एक बस उपलब्ध होगी। यह बस सेवा कर्तव्य भवन, विज्ञान भवन, निर्माण भवन, अकबर रोड, बड़ौदा हाउस, राष्ट्रीय स्टेडियम, राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी, इंडिया गेट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन सहित महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों और स्थलों को कवर करेगी। टिकट की कीमतें चरणबद्ध रूप से 10 एवं 15 रुपये निर्धारित की गई हैं।

डीएमआरसी बस संचालन, कंडक्टर, टिकट व्यवस्था और यात्री सहायता की देखरेख करेगा, जबकि आईओसीएल चालक और हाइड्रोजन ईंधन उपलब्ध करा रही है। यह पहल भारत सरकार की हरित गतिशीलता, स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।