बेगूसराय, 14 फरवरी। राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा के सौजन्य से बेगूसराय जिले में खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें बेगूसराय जिले के सभी प्रखंड के प्रतिभागी भाग लेंगे।
सांसद खेल महोत्सव तैयारी समिति की बैठक में निर्णय लिया गया है की जिले के सभी 18 प्रखंड में कुश्ती, कबड्डी, ऊंची कूद, लम्बी कूद, खो-खो, एक सौ मीटर, दो सौ मीटर, चार सौ मीटर दौड़, वॉलीबाल, फुटबॉल, गोला फेंक आदि खेल का आयोजन किया जाएगा।इसमें 18 से 24 वर्ष के स्कूल, कॉलेज के छात्र छात्राएं, अन्य खेल संघ, संगठन के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को जिला मुख्यालय में पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
सांसद प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभा को उभारना। उसे प्रेरित करना, उन्हें उचित प्लेटफॉर्म देना, जिससे गांव स्तर के खेल और खिलाड़ी को उचित सम्मान मिल सके। इसी उद्देश्य से इस खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
सांसद प्रतिनिधि शम्भू कुमार ने कहा कि इस खेल महोत्सव में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए एक फॉर्मेट दिया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी, टीम इसे भरकर इसमें हिस्सा लेंगे। एक सप्ताह के अंदर अपनी सहमति देनी है। जिला और प्रखंड स्तर पर आयोजन समिति के सदस्य फॉर्म का वितरण और जमा करेंगे।
बैठक में उपस्थित माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश प्रसाद राय, भाजपा नेता सुनील कुंवर, नवीन सिंह, नीरज नवीन, राम कल्याण सिंह, शंकर वर्मा, विश्वरंजन सिंह राजू, संजय सिंह एवं बंटी कुमार आदि ने कहा सांसद राकेश सिन्हा की यह पहल सराहनीय है। इस आयोजन को गांव-गांव तक जागरूकता फैलाकर सफल बनाएंगे। इस तरह के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभा निखरेगी।
