कोंडागांव , 04 सितंबर । कोंडागांव जिले के बड़ेराजपुर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान स्कूल परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। कार्यक्रम में छोटे बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे, कान्हा के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आज जन्माष्टमी के अवसर पर दही हांडी और मटका फोड़ प्रतियोगिता भी हुई । मटकी फोड़ने को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह रहा । बच्चों ने टीम बनाकर पूरे जोश के साथ मटकी फोड़ने की कोशिश की गई । मटकी फूटते ही पूरा परिसर तालियों और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, प्रेम, मित्रता, कर्म और धर्म के बारे में बताया गया। राधा-कृष्ण की वेशभूषा और दही हांडी जैसी गतिविधियों के जरिए बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। यह आयोजन प्राचार्य सी.एल. मरकाम के मार्गदर्शन में हुआ। शिक्षक चंद्रशेखर साहू, तिलक दास, एच.एल. ध्रुव, मोहन खूबचंदानी, गजेंद्र कुलदीप, पवन पात्र, नागेंद्र मरकाम, युवराज साहू, कीर्तन निषाद और मनीष साहू सहित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।
