September 23, 2026

Blog

Spread the love

राजकोट, 23 सितंबर । कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की नाबाद 110 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत अंडर-19 ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की युवा एकदिवसीय श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।

निरंजन शाह स्टेडियम में लक्ष्य ने 106 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मुकाबले में जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया। पहले दो मैचों में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाने वाले लक्ष्य ने इस बार शानदार शतक लगाया।

255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की। लक्ष्य ने आर्यवीर सहवाग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कुशाग्र ओझा के साथ 85 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

आर्यवीर ने पांच चौके लगाए और अच्छी लय में नजर आ रहे थे लेकिन जैकब पीट्ज की गेंद पर शॉट लगाने के प्रयास में गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके। मैट्यू लॉफ ने लॉन्ग ऑन पर उनका आसान कैच पकड़ लिया। वीके विनीत भी बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन लक्ष्य ने रन गति बनाए रखी।

कुशाग्र के आउट होने के बाद भी लक्ष्य मजबूती से डटे रहे। अन्वय द्रविड़ की जगह टीम में शामिल किए गए रजत बघेल ने उनका अच्छा साथ दिया और 34 गेंदों पर पांच चौकों तथा दो छक्कों की मदद से 44 रन की तेज पारी खेली। भारत ने 41.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर सपाट पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए। जेड हॉलिक ने 88 गेंदों पर 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल थे, जबकि नील पटेल ने 71 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की।

हालांकि, पदार्पण कर रहे स्थानीय खिलाड़ी आर्यन सावसानी ने हॉलिक को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी और भारत की वापसी का रास्ता खोला।

इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पर शिकंजा कस दिया। मोहित उलवा और मनल चौहान ने तीन-तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को लगातार झटके दिए, जिससे वह बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सका।

श्रृंखला पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम ने इस मुकाबले में कुछ नियमित खिलाड़ियों को आराम दिया था। इसके बावजूद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और लक्ष्य रायचंदानी ने कप्तानी पारी खेलकर भारत को तीसरी जीत दिलाते हुए श्रृंखला में क्लीन स्वीप पूरा कराया।