नई दिल्ली, 28 सितंबर । दिल्ली चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत राजधानी के विश्वविद्यालय, कालेजों और शिक्षण संस्थानों में 29 और 30 सितंबर को मतदान सूची में नाम जोड़ने के विशेष कैंप लगाने का फैसला किया है। यह कैंप सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेंगे। दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सोमवार को प्रेस नोट जारी करके यह जानकारी दी।
सीईओ के मुताबिक, दिल्ली में एसआईआर के दौरान नोटिस जारी की सुनवाई के लिए ईआरओ/एईआरओ ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। नोटिसकर्ता के घर बीएलओ जाकर जरूरी दस्तावेज लेंगे और उनको ईसीआईनेट पर अपलोड कर देंगे। इसके बाद ईआरओ फैसला लेगा, सिर्फ विशेष मामलों में ऑनलाइन सुनवाई। अगर सुनवाई जरूरी हुई तो मतदाता अपने परिवार के किसी भी सदस्य को अधिकृत कर सकता है।
सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ आज बैठक कर इस फैसले को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि लगातार राजधानी में विशेष कैंपों की व्यवस्था की जा रही है। राजधानी के विश्व विद्यालय, कालेजों और शिक्षण संस्थानों में 29 और 30 सितंबर को मतदान सूची में नाम जोड़ने के विशेष कैंप लगाने का फैसला इस कड़ी में लिया गया है।
सीईओ ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है और 4 नवंबर को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
