फ्रांस के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने एफटीए को नई दिल्ली और पेरिस दोनों के लिए वर्तमान परिदृश्य में काफी अहम बताया है। फ्रांस के यूरोप मामलों के मंत्री हद्दाद तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। सोमवार को उन्होंने म्यूनिख लीडर्स मीटिंग में हिस्सा लिया। बाद में बातचीत में फ्रांस और भारत के रिश्तों को लेकर अपनी राय जाहिर की। उन्होंने माना कि 30 साल के रणनीतिक साझेदारों के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) रिश्तों को और समृद्ध करेगा।
उन्होंने फ्रांस की ‘दिलचस्पी’ का जिक्र करते हुए कहा, “फ्रांस और भारत लगभग 30 सालों से रणनीतिक साझेदार रहे हैं, और प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच भरोसे और दोस्ती का रिश्ता है। और मुझे साफ तौर पर लगता है कि ऐसी दुनिया में जहां अमेरिका का दबाव है, चीन से व्यापार का प्रेशर है, और बहुत सारी भू-राजनीतिक उथल-पुथल और तेजी से तकनीक बदल रही हो, वहां फ्रांस और भारत के बीच, और साथ ही ईयू और भारत के बीच सहयोग बढ़ाने और रिश्ते को और मजबूत करने में हमारी गहरी दिलचस्पी है।”
हद्दाद एफटीए को लेकर काफी पॉजिटिव हैं। उन्होंने इस समझौते को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि बदलते वैश्विक समीकरणों के बीच एफटीए हमारी दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए जोखिम कम करने, दोनों की रणनीतिक स्वायत्तता में निवेश करने और एआई, एयरोस्पेस, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देने का एक शानदार मौका मुहैया कराएगा। ये सभी ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें हम अपने इनोवेशन इकोसिस्टम को एक साथ लाने, मजबूत सप्लाई चेन बनाने और साथ ही अंतरराष्ट्रीय मामलों में एक अलग तरह की आवाज को बढ़ावा देने में रुचि रखते हैं। एक ऐसी आवाज जो सहयोग, नियमों और बहुपक्षवाद की हो।”फ्रांस के यूरोप मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद 4 से 6 अक्टूबर तक भारत दौरे पर हैं। हद्दाद मंगलवार को फ्रांस-भारत 1.5 ट्रैक डायलॉग में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वह रायसीना फोरम फॉर द फ्यूचर ऑफ डिप्लोमेसी को भी संबोधित करेंगे।
