नई दिल्ली, 19 नवंबर। उत्तर रेलवे ने रेल परिचालन की विश्वसनीयता और संरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर्स (टीपीसी) के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के सभी छह मंडलों के कुल 80 ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का छठा और अंतिम सत्र सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही प्रशिक्षण पहल का समापन हो गया।
उत्तर रेलवे के विद्युत विभाग की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 अक्टूबर से 18 नवंबर तक गाजियाबाद स्थित विद्युत प्रशिक्षण केंद्र में किया गया। इसके तहत तीन-तीन दिनों के छह सत्र संचालित किए गए। जम्मू, फिरोजपुर, अंबाला, दिल्ली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडलों के कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ट्रैक्शन पावर परिचालन का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए दिल्ली मंडल स्थित स्काडा (एससीएडीए) और रेलवे नियंत्रण केंद्र (आरसीसी) के साथ चाणक्यपुरी स्थित 25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन का भ्रमण कराया गया।
ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर्स 25 केवी ट्रैक्शन विद्युत आपूर्ति की निगरानी और नियंत्रण, फील्ड स्टाफ तथा परिचालन नियंत्रण केंद्रों के साथ समन्वय और विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में सामान्य परिचालन के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में कक्षा सत्र, सिम्युलेटर अभ्यास और क्षेत्रीय प्रशिक्षण शामिल रहे। पहले दिन प्रतिभागियों को टीपीसी की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, स्काडा प्रणाली, ट्रैक्शन सब-स्टेशन की सुरक्षा और विभिन्न नियंत्रण केंद्रों के साथ समन्वय की जानकारी दी गई। दूसरे दिन स्काडा प्रशिक्षण सिम्युलेटर के माध्यम से परिचालन प्रक्रियाओं और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास कराया गया। वहीं, तीसरे दिन चाणक्यपुरी स्थित ट्रैक्शन सब-स्टेशन में उपकरणों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उत्तर रेलवे के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने, परिचालन समन्वय मजबूत करने और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क पर सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करना है।
