नई दिल्ली, 19 नवंबर । इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजमेंट (आईआईएसएसएम) का 36वां वार्षिक कॉन्क्लेव 23 और 24 नवंबर को नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के जाने-माने विशेषज्ञ सुरक्षा, संरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
आईआईएसएसएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि इस बार के कॉन्क्लेव का थीम एआई आधारित एकीकृत सुरक्षा और आपदा लचीलापन रखा गया है। इसके तहत हमारा प्रयास समुदायों की सुरक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक सम्पत्तियों की रक्षा करना है।
उन्होंने बताया कि वक्ताओं में एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनन्द आईपीएस, विश्व बैंक के वरिष्ठ आपदा जोखिम प्रबंधन विशेषज्ञ अनूप करंथ, उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह और ओपी सिंह, एसआईएस के सीईओ धीरज सिंह, जाने-माने सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ और इंस्टीट्यूट ऑफ रोड एंड ट्रैफिक एजुकेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ रोहित बालूजा, आईआईएसएसएम फाउंडेशन के अध्यक्ष उदय सिंह, भारत सरकार के पूर्व मुख्य श्रम आयुक्त डॉ ओंकार शर्मा, एनडीएमए के विभागाध्यक्ष कृष्ण एस वत्स आईएएस, कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (सीडीआरआई) की निदेशक रंजनी मुखर्जी और यूनाईटेड किंगडम के विशेषज्ञ राज लाखा समेत कई और विशेषज्ञ संबोधित करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले कॉन्क्लेव में सुरक्षा, संरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा की जाएगी।
