अहमदाबाद, 21 अक्टूबर । गुजरात के अहमदाबाद में 23 से 31 अक्टूबर तक पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। वीर सावरकर खेल परिसर में होने वाली इस प्रतियोगिता में 13 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। नौ दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 400 से अधिक खिलाड़ी 62 मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। पुरुष वर्ग में 39 और महिला वर्ग में 23 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों वर्गों में पहली बार राष्ट्रमंडल चैंपियन का फैसला होगा।
भारतीय अमेच्योर कबड्डी महासंघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ की मंजूरी से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 23 टीमें भाग लेंगी। बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रतियोगिता की आधिकारिक जर्सी, टीमों के कप्तान, गान, प्रतीक चिह्न और शुभंकर का अनावरण किया गया।
भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी सुरजीत सिंह करेंगे, जबकि नवीन कुमार उपकप्तान होंगे। महिला टीम की कमान निधि शर्मा को सौंपी गई है और रितु उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
प्रतियोगिता में भारत के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया, कनाडा, सिंगापुर, मलेशिया, युगांडा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें हिस्सा लेंगी। दोनों वर्गों के सेमीफाइनल 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को होंगे।
कबड्डी को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल
पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे कबड्डी को भविष्य में राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल कराने की संभावनाओं को भी बल मिलने की उम्मीद है। अहमदाबाद में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होना है। ऐसे में यह चैंपियनशिप शहर की अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की क्षमता प्रदर्शित करने और कबड्डी को व्यापक वैश्विक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर भी होगी।
भारतीय अमेच्योर कबड्डी महासंघ के महासचिव जितेंद्र प्रण सिंह ठाकुर ने कहा कि अहमदाबाद में पहली राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की मेजबानी करना भारतीय कबड्डी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर कबड्डी के कौशल, रोमांच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रदर्शित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ के महासचिव तेजस्वी गेहलोत ने कहा कि यह चैंपियनशिप कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रमंडल देशों की राष्ट्रीय टीमों को एक मंच पर लाने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का नया अवसर मिलेगा और इस खेल को दुनिया भर में पहचान मिलेगी।
प्रतियोगिता की विषयवस्तु ‘एक सांस, एक रेड, एक राष्ट्रमंडल’ रखी गई है। दर्शक जियोहॉटस्टार पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे, जबकि स्टार स्पोर्ट्स पर भी प्रसारण होगा। वीर सावरकर खेल परिसर में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। हालांकि, इसके लिए थम्पन के माध्यम से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
