रूसी मूल का भारतीय वायुसेना का एक परिवहन विमान लद्दाख के न्योमा एयरबेस पर सफलतापूर्वक उतरा, जिसके साथ ही उसने दुनिया में अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर उतरने का रिकॉर्ड बनाया है। यह एयरबेस समुद्र तल से करीब 13,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है और चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से इसकी दूरी करीब 25 किलोमीटर है।
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना के आईएल-76एमडी विमान ने न्योमा में सफलतापूर्वक उतरकर इतिहास रच दिया है। यह दुनिया में इस विमान की अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर की गई लैंडिंग है।’’
वायुसेना ने कहा, ‘‘यह विमान की लंबे समय से बरकरार क्षमता का शानदार प्रदर्शन है। इसके साथ ही चालक दल के असाधारण कौशल, सटीकता और पेशेवर दक्षता का भी परिचय मिलता है।’’वायुसेना ने इस लैंडिंग को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे भारत की रणनीतिक हवाई परिवहन क्षमता और मजबूत होगी।
