काठमांडू, 23 नवंबर । प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन आज महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा भाव के आदर्शों को आत्मसात करते हुए नेपाल-भारत संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई है।
सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि गांधीजी के जीवन ने साबित किया है कि सत्य की शक्ति दुनिया की किसी भी ताकत से बड़ी होती है। शाह ने कहा, “भगवान गौतम बुद्ध की जन्मभूमि से आया हूं। मैंने गांधीजी की विरासत में उसी अमर प्रकाश को देखा है, जो यह संदेश देता है कि करुणा सबसे बड़ी शक्ति है और वास्तविक नेतृत्व का अर्थ समाज के सबसे कमजोर वर्गों की निस्वार्थ सेवा करना है।”
उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच संबंध केवल भौगोलिक निकटता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आस्था, आत्मीयता और पीढ़ियों पुरानी मित्रता दोनों देशों को जोड़ती है। महात्मा गांधी के कालजयी आदर्शों का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री शाह ने दोहराया कि नेपाल, ईमानदारी, पारस्परिक सम्मान और अटूट विश्वास के आधार पर भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री शाह ने कहा, “गांधीजी के आदर्श शांतिपूर्ण, न्यायपूर्ण और सद्भावपूर्ण विश्व के निर्माण की हमारी साझा यात्रा में हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहें।”
