चंडीगढ़, पंजाब पुलिस ने फरार अमृतपाल सिंह के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) और गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए निरंतर यत्न जारी हैं।
पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) हैडक्वॉर्टर सुखचैन सिंह गिल ने मंगलवार रात बताया कि राज्य में स्थिति पूरी तरह स्थिर है और काबू में है। उन्होंने कहा कि राज्य में अमन-शान्ति को भंग करने के दोष में कुल 154 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में पंजाब पुलिस को दूसरे राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों का पूरा सहयोग मिला है। अमृतपाल की अलग-अलग तस्वीरें साझा करते हुए आईजीपी ने लोगों को भगौड़े के बारे जानकारी देने की अपील की है।
आईजीपी ने बताया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एक ब्रेजा कार (पीबी 02- ईई-3343) बरामद की है, जिसका प्रयोग अमृतपाल की तरफ से 18 मार्च को उस समय किया गया था, जब पुलिस टीमें उसके काफिले का पीछा कर रहीं थीं। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना (28) पुत्र हरविन्दर सिंह निवासी नवां किला शाहकोट, गुरदीप सिंह उर्फ दीपा (34) पुत्र मुखत्यार सिंह गांव बल्ल नौ- नकोदर, हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी (36) पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव कोटला नोध सिंह- होशियारपुर और गुरभेज सिंह उर्फ भेजा पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव गोंदारा- फरीदकोट के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि इन चारों ने अमृतपाल को भागने में मदद की थी।
उन्होंने बताया कि यह बात भी सामने आई है कि अमृतपाल सिंह और उसके साथियों ने गांव नंगल अंबिया के एक गुरुद्वारा साहिब में अपने कपड़े बदले और दो मोटरसाइकिलों पर वहां से फरार हो गए।
आईजीपी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने मोगा के गांव राऊके के कुलवंत सिंह राउके और कपूरथला के गुरिन्दरपाल सिंह उर्फ गुरी औजला को भी राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है।
आईजीपी ने बताया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस ने अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह निवासी कल्लू खेड़ा-अमृतसर और उसके ड्राइवर हरप्रीत सिंह निवासी गांव मद्दोके-मोगा के खिलाफ ट्रेसपासिंग और दो से ज्यादा दिनों तक महतपुर, जालंधर के गांव उदोवाल के सरपंच मनप्रीत सिंह के घर बंदूक की नोंक पर पनाह लेने के दोष में नयी एफआईआर दर्ज की है।
आईजीपी ने यह भी बताया कि मोहाली में धरना भी खत्म करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि 37 व्यक्तियों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।
