हाराडुला (वीएनएस)। भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी व उनकी पार्टियां चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रही है। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी भी बढ़ती नजर आ रही है।
भानुप्रतापपुर के इस सियासी रण में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने पार्टी के प्रचार-प्रसार व जनसंपर्क अभियान के लिए रात-दिन एक कर दिया है। इसी अभियान को और तेजी देते हुए पूर्व मंत्री व उपचुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने हाराडुला में शक्तिकेन्द्र व बूथ के प्रभारी, संयोजक व सह-संयोजकों की बैठक ली। इस बैठक के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सौंपे गए कार्यों की जानकारी लेते हुए उसकी समीक्षा की। साथ ही उन्हें संबोधित कर उत्साह को बढ़ाया।
अगले आठ दिन भाजपा के सैनिकों के लिये यही युद्ध स्थल है। पूरी तरह समर्पण के साथ हमें जनसेवा के भाव के साथ काम करना है, आम जनता को धोखा देने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ हमें एकजुट होना होगा। क्योंकि भूपेश बघेल की सरकार ने जनता के साथ छल किया है ऐसी निकम्मी सरकार को आज जवाब देने का वक्त आ गया है, हमें जनता के साथ खड़े रहकर कुशासन के खिलाफ लड़ाई लड़नी है। पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ न्याय की रक्षा के लिए उपचुनाव का धर्म युद्ध लड़ा जा रहा है, जिसमें निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी की विजय होगी।
