नई दिल्ली (वीएनएस)। पद्म श्री एवं खेल रत्न अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता तथा भारत की पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष, डॉ. (एचसी) दीपा मलिक ने क्षयरोग (टीबी) मुक्त भारत अभियान की राष्ट्रीय दूत और नि-क्षय मित्र बनकर इस अभियान को अपना समर्थन देने का संकल्प लिया है। डॉ. (एचसी) दीपा मलिक ने मार्च 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए क्षयरोग (टीबी) मुक्त भारत अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता उस समय व्यक्त की, जब उन्होंने प्रगति मैदान, नई दिल्ली में चल रहे 41वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मंडप में टीबी जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया।
साथ ही उन्होंने भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जो टीबी पीड़ित रोगियों को पोषण, अतिरिक्त निदान और व्यावसायिक सहायता के तीन स्तरों पर सहायता प्रदान करने का प्रयास करती हैं, द्वारा शुरू की गई एक पहल में नि-क्षय मित्र बनकर अभियान को अपना समर्थन दिया। उन्होंने नि-क्षय मित्र के रूप में स्वयं 5 क्षय रोगियों को गोद लिया है और इस बात पर प्रकाश डालते हुए कि यदि हर कोई इस कलंक को दूर करके, जागरूकता फैलाकर और सहायता प्रदान करके अपनी क्षमता से भाग लेता है, तो भारत बहुत जल्द टीबी पर विजय प्राप्त कर लेगा, लोगों को इस योजना में नामांकन करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
