महाराष्ट्र, एजेंसी : महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग ने पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पिछले 10 दिनों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, भारी बारिश के कारण लगभग 4,500 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। रविवार रात रायगढ़ जिले में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन होने से मुंबई की ओर यातायात अवरुद्ध हो गया।
रायगढ़ जिले में स्कूल बंद
रायगढ़ में भारी बारिश को देखते हुए आज सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला कलेक्टर योगेश म्हासे ने इसकी जानकारी दी है। बता दें, IMD ने रायगढ़ में हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इरशालवाड़ी गांव में भारी भूस्खलन
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी में बुधवार को हुए भूस्खलन में 23 जुलाई को खोज और बचाव अभियान जारी रहा।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री उदय सामंत ने कहा, ‘भूस्खलन स्थल पर भीड़ लगाने पर रोक है और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए धारा 144 (दंड प्रक्रिया संहिता) लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गांव में 228 लोग थे, जिनमें से 57 का पता नहीं चल पाया है, जबकि 27 के शव बरामद कर लिए गए हैं। गांव के 43 परिवारों में से 41 परिवारों, जिनमें 144 लोग शामिल हैं, को एक मंदिर में आश्रय प्रदान किया गया है।
jagran.com
