नई दिल्ली, 25 जुलाई । राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल ने मंगलवार को एक बार फिर आरोप लगाया कि विपक्ष मणिपुर जैसे संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा से भाग रहा है। गोयल ने कहा कि मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष अगर जरा सा भी संवेदनशील होता तो हम इस समय इसपर चर्चा कर रहे होते।
पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्ष पिछले तीन दिनों से सदन में चर्चा से भाग रहा है। पूरा देश देख रहा है कि कैसे विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा है। विपक्षी दल इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को चर्चा करनी चाहिए।
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष के कई सदस्य नियम 267 के तहत चर्चा चाहते हैं। प्रधानमंत्री को यहां चर्चा में आना चाहिए और सदन में अपनी बात रखनी चाहिए।
राज्यसभा में सुबह मणिपुर के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही 12 बजे तक और इसके बाद दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
