बिलासपुर (वीएनएस)। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मंदिरों में पूजा पाठ कर रहे हैं। उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन कर उन्होंने महाकाल का दुग्धाभिषेक भी किया। कई लोग इसे राजनीति से जोड़ रहे हैं। इस मुद्दे पर जमकर बयानबाजी भी हो रही है। इसी बीच खाद्यमंत्री अमरजीत भगत का बयान सामने आया है। मंत्री भगत ने राहुल गांधी को पूजा-पाठ में विश्वास रखने वाला ‘पंडित’ बताया है। मंत्री भगत ने कहा कि राहुल गांधी भगवान के प्रति अगाध श्रद्धा रखते हैं।
दरअसल बिलासपुर दौरे पर पहुंचे मंत्री भगत जब पूछा गया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जगह-जगह मंदिरों में क्यों जा रहे हैं, पीछे की राजनीति क्या है? मंत्री भगत ने उनको पंडित राहुल गांधी कहा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनका पूरा परिवार शुरू से पूजा पाठ में विश्वास रखता है। इसे राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।
बीते दिनों भगत ने भानुप्रतापपुर से भाजपा के उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम पर बड़ा खुलासा करने की बात कही थी। इसीलिए करके के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज को राज रहने दो। समय आने पर पर्दा उठ जाएगा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को लेकर कहा जो अपराधी होता है ऊंची आवाज में वही बात करता है भले ही भीतर से वह डरा होता है।
प्रवर्तन निदेशालय की ओर से की जा रही छापेमारी और गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भगत ने कहा कि हर सब केंद्र के इशारे पर हो रहा है जो प्रजातंत्र के लिए खतरा है।
