उत्तरप्रदेश : घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने के आरोपी अभिमन्यु यादव ने सोमवार को कोपागंज थाने में समर्पण कर दिया। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के गनर हरिओम मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दारा सिंह चौहान के भाजपा से चुनाव लड़ने को लेकर आरोपी नाराज था। सीओ सिटी धनंजय मिश्रा के अनुसार, सरायलखंसी थाने के हसनपुर गांव निवासी आरोपी अभिमन्यु यादव ने भाजपा के एक कार्यकर्ता से बातकर दारा सिंह चौहान के पर स्याही फेंकने की धमकी दी थी।
हालांकि, भाजपा कार्यकर्ता ने इसे कोरी धमकी ही समझी थी। दरअसल भाजपा प्रत्याशी रविवार को कोपागंज ब्लॉक के अदरी स्थित एक कॉलेज में जन चौपाल के बाद लौट रहे थे। अदरी के पास उन पर काली स्याही फेंकी गई थी।
भाजपा प्रत्याशी ने सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह पर स्याही फिंकवाने का आरोप लगाया था। सुधाकर सिंह ने आरोपों को खारिज किया था।
छात्र नेता रहा है आरोपी
सीओ सिटी धनंजय मिश्रा ने बताया कि अभिमन्यु यादव वर्ष 2019 में डीसीएसके पीजी कॉलेज से चुनाव लड़ा था। उसने सपा के यूथ विंग से टिकट मांगा था।
वायरल वीडियो की कहानी कुछ और
स्याही फेंकने के आरोपी अभिमन्यु यादव का समर्पण करने जाते समय एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें अभिमन्यु कह रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता ने कहा था कि चुनाव फंस रहा है, स्याही फेंक दो, मैं तुम्हें बचा लूंगा। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
नेता तथा फ्रेम के चक्कर में मूर्खतापूर्ण घटना को दिया अंजाम
अमर उजाला ने इस संबंध में सीओ सिटी धनज्जय मिश्रा से, आरोपी द्वारा एक नेता के शामिल होने की जानकारी ली, जिसमें उन्होंने नेता के इस घटना में शामिल होने की बात से इंकार कर दिया। बताया कि नेता से आरोपी अभिमन्यु यादव ने फोन कर बहसबाजी करते हुए भाजपा प्रत्याशी के अपने क्षेत्र में आने पर स्याही फेंकने की धमकी दी थी। जिस पर नेता ने इसे महज एक कोरी धमकी समझी थी। बताया कि इससे पहले पुलिस भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के गनर हरीओम मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी।
