जम्मू, 25 अगस्त । सरोर टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर पिछले चार दिन से चल रहे प्रदर्शनों ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है। शुक्रवार को किये गए सांबा बंद आह्वान का असर दिखाई दिया। मुख्य बाजार में दुकानों पर ताले लटके रहे। सड़कों पर भी केवल निजी वाहन ही चलते दिखाई दिए। अब शनिवार को चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स की तरफ से जम्मू बंद का आह्वान किया गया है।
सरोर टोल प्लाजा हटाने तथा कठुआ जेल में बंद युवा राजपूत सभा के नेताओं को रिहा करने की मांग को लेकर आज सांबा बंद का आह्वान किया गया, जिसका असर शुक्रवार सुबह से ही दिखना शुरू हो गया था। बंद के दौरान सांबा के मुख्य बाजार में दुकानों पर ताले लटके रहे। सड़कों पर भी केवल निजी वाहन ही चलते दिखाई दिए। इसी बीच सांबा मुख्य चौक पर भूख हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही और धरना-प्रदर्शन भी किए गए। इसी दौरान कठुआ में भी इसी मुद्दे को लेकर भूख हड़ताल तथा प्रदर्शनों का दौर जारी है।
दूसरी तरफ, शनिवार को चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स की तरफ से जम्मू बंद का आह्वान किया गया है। सरोर टोल प्लाजा बंद करने के मुद्दे को लेकर दी गई बंद की काल का जम्मू के विभिन्न संगठनों तथा राजनीतिक पार्टियों ने समर्थन किया है, जिनमें बार एसोसिएशन जम्मू, पीडीपी, आम आदमी पार्टी भी है। ट्रांसपोर्टरों ने भी इस बंद की काल का समर्थन तो किया है, लेकिन वह इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं।
ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि हम इस बंद के साथ हैं, लेकिन मौजूदा समय में जारी अमरनाथ यात्रा के दौरान बाहर से आए यात्रियों तथा जम्मू की आम जनता के लिए यह परेशानी का सबब बन सकता है, इसीलिए ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन जम्मू-कश्मीर प्रशासन और केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को गुरुवार तक का समय देती हैं। 30 अगस्त को अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद 31 अगस्त से ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
