नोएडा, कोतवाली सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-78 में आरएसएस के भाग कार्यवाह के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। स्वयंसेवकों ने किसी तरह उन्हें आरोपित के चंगुल से छुड़ाया। एक स्वयं सेवक ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
स्वयंसेवकों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की
सेक्टर-78 महागुन माडर्न के सुधीर कुमार ने दर्ज कराई एफआइआर में बताया कि 27 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे महागुन माडर्न में स्वयंसेवकों की शाखा बैठक चल रही थी। जिसमें भाग कार्यवाह विनीत सिंह आए हुए थे। आरोप है कि बैठक के दौरान ही मृदुल भाटिया आया और स्वयंसेवकों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई की।
यही नहीं भाग कार्यवाह विनीत सिंह के अपहरण का प्रयास किया। स्थानीय स्वयंसेवकों ने बीच-बचाव करके विनीत सिंह को बचाया और सुरक्षित निकाला।
आरोप है कि इस दौरान मृदुल भाटिया ने अभद्र व्यवहार करते हुए बाद में देख लेने की धमकी दी। एसीपी सौम्या सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल पर लोकेशन देख रहे युवक से मोबाइल फोन लूटा
उधर, क्राइम कंट्रोल के नाम पर पुलिस अपराध को कमतर दिखाने में जुट गई है। दोस्त के पास जाने के लिए स्कूटी के पीछे बैठकर मोबाइल से लोकेशन देख रहे युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया।
पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से सहारनपुर के हितेश वर्मा देहरादून में दुकान करते हैं। 25 अगस्त की रात वह दोस्त अनुज कुमार के पास मिलने आए थे।
अनुज ने बताया कि उन्हें घर पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए हितेश के माेबाइल पर लोकेशन भेज दी थी। रात करीब 10 बजे एक स्कूटी के पीछे बैठकर उनके घर आ रहे थे।
मोबाइल पर लोकेशन देखकर रास्ता बता रहे थे। जैसे ही वह मेघदूतम पार्क से बाजार की तरफ पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनका सफेद रंग का आइफोन-13 छीन लिया।
