मध्यप्रदेश: भाजपा की दूसरी सूची में सांसदों को विधानसभा प्रत्याशी बनाने पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस भाजपा पर लगातार हमले कर रहे है। इस पर मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में मीडिया के सवाल पर भाजपा की दूसरी सूची को अद्भुत और अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि इसने भाजपा की महाविजय सुनिश्चित कर दी है। हमारे सारे दिग्गज चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के दूसरी सूची को भाजपा की घबराहट बताने के बयान पर सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि परेशान तो कांग्रेस है। उनको समझ में नहीं आ रहा है। इसलिए बौखलाहट में ऐसी बात कर रहे हैं। भाजपा निरंतर विजय के पथ पर आगे बढ़ती जा रही हैं।
बता दें भाजपा की दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को टिकट देने पर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने हार के डर से सांसदों को विधायक का चुनाव लड़ने उतार दिया है।
