वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कल बुधवार को मोरक्को के मराकेश में फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ले मायरे के साथ बैठक की। उन्होंने यह बैठक जी-20 वित्त मंत्रियों, सेंट्रल बैंक के गवर्नरों, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष तथा विश्व बैंक की वार्षिक बैठक से अलग की।
फ्रांस के मंत्री ने भारत की अध्यक्षता में जी-20 की उपलब्धियों और वैश्विक नेताओं के शिखर सम्मेलन में स्वीकृत ‘जी-20 नई दिल्ली घोषणा पत्र’ को लेकर श्रीमती सीतारामन को बधाई दी।
श्रीमती सीतारामन ने भारत की अध्यक्षता के दौरान भारत को फ्रांस का समर्थन देने को लेकर श्री ब्रूनो ले मायरे का आभार व्यक्त किया। श्रीमती सीतारामन ने जी-20 अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय ऑर्किटेक्चर कार्यसमूह की सह अध्यक्षता के रूप में फ्रांस का समर्थन मिलने के लिए भी उन्हें धन्यवाद दिया।
दोनों देशों ने कहा कि विश्व नई वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है और अनिश्चितताएं बढ़ रही हैं। फ्रांसीसी मंत्री ने कोविड महामारी, बढ़ती मुद्रास्फीति और मौजूदा संघर्षों के कारण होने वाली समस्याओं का भी प्रमुख रूप से उल्लेख किया।
