लू और शीतलहर के अलावा ग्लोबल वार्मिंग के कारण एक और भयानक प्रक्रिया घटित हो रही है। यह प्रक्रिया है हिमनदियों और ध्रुवीय हिमच्छदों (पोलर आइस कैप्स) का तेजी से पिघलना और औसत समुद्र तल (मीन सी लेवल) का लगातार बढ़ना। अगले कुछ दशकों में शंघाई, हॉन्ग कॉन्ग, ओसाका, रिओ, एम्स्टर्डम, अलेक्सान्द्रिया जैसे दुनियाभर के कई तटवर्ती शहरों के बड़े हिस्सों के जलमग्न हो जाने की आशंका है। मुंबई, चेन्नई, विशाखापट्टनम, कोच्चि, तिरुवनन्तपुरम आदि शहरों के कुछ इलाके 2050 तक जलमग्न हो सकते हैं। समुद्र स्तर के बढ़ने से आने वाली बाढ़ के कारण समंदर का खारा पानी जमीन के अंदर रिसकर चला जाएगा। इससे भूमिगत जल भी खारा बन जाएगा। इससे स्वच्छ पानी की उपलब्धता भयंकर विकराल रूप ले लेगी, क्योंकि आज ही मीठे पानी की समस्या गम्भीर समस्या बन चुकी है। तब क्या होगा इसकी कल्पना से कलेजा फटने को हो जाता है। पेयजल के बिना जीवन की कल्पना मुश्किल है। भूमिगत जलस्तर के लवणीकरण के कारण तटीय इलाकों में कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
एक बदलाव यह भी हुआ है कि पहले मानसून के दौरान कुल बारिश जितनी होती थी उसकी तुलना में आज काफी कम होती जा रही है। बाढ़ की नियमितता और तीव्रता बढ़ती जा रही है। अचानक से कुछ दिनों के लिए मूसलाधार बारिश होती है तो बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। एक-दो सप्ताह में ही इन इलाकों में सूखे की स्थिति बाढ़ की स्थिति में तब्दील हो जाती है। सूखे और बाढ़ का लगभग साथ-साथ होना और अनियमित बारिश ग्लोबल वार्मिंग और बदलती जलवायु का ही परिणाम है। देश में 2011 से 2020 के बीच हर साल औसतन 1500 लोग बाढ़ में काल कलवित हो हुए हैं।
ग्लोबल वार्मिंग के कारण महासागरों की सतह के तापमान में बढ़ोतरी और वायुमंडल में मौजूद जल वाष्प (वाटर वेपर) का अनुपात दोगुना होने से दुनियाभर में चक्रवात और तूफान पहले से अधिक नियमित तौर पर आने लगे हैं। इनकी तीव्रता में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। भारत आज भयंकर रूप से सूखा ग्रस्त देशों की श्रेणी में शामिल है। 2020 से 2022 के बीच देश का दो-तिहाई हिस्सा सूखे की चपेट में था। देश के एक तिहाई जिले पिछले एक दशक में चार बार सूखा झेल चुके हैं। भारत में प्रति वर्ष पांच करोड़ लोग सूखे से प्रभावित हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार सूखे के कारण आज लगभग 230 करोड़ लोग जल संकट का सामना कर रहे हैं। इसमें से 1.6 करोड़ बच्चे ऐसे हैं जो भयंकर और दीर्घकालिक सूखे से जूझ रहे हैं। पिछले पचास साल में सूखे से 6,50,000 लोगों की मौत हुई है। माना जाता है कि ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित बारिश, जंगलों की कटाई और भूमिगत जलस्तर में तेज गिरावट को देखते हुए यह तय है कि सूखा और जल संकट आने वाले दिनों में और बढ़ेगा। ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और अनियमित बारिश के कारण कृषि उत्पादन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। वैश्विक खाद्य नीति रिपोर्ट 2022 के अनुसार 2050 तक भारत में सात करोड़ लोग जलवायु परिवर्तन के कारण भुखमरी का शिकार हो सकते हैं।
लेखक: उमाशंकर पाण्डेय
