भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) जल्द ही लोदी गार्डन में स्थित ऐतिहासिक मकबरे और मस्जिद में संरक्षण का काम शुरू करेगा। ये अपने पुराने रंग रूप में नजर आएंगे।
लोदी गार्डन में स्थित ऐतिहासिक मकबरे और मस्जिद अपने पुराने रंग रूप में नजर आएंगे। मोहम्मद शाह, बड़ा गुंबद मस्जिद, शीश गुबंद, सिकंदर लोदी व अठपुला स्मारक का सरंक्षण किया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) इनके सरंक्षण का कार्य जल्द शुरू करेगा। इससे यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को यह स्मारक आकर्षित करेगा।
विशेष रूप से सिकंदर लोदी का मकबरा, बड़ा गुंबद, शीश गुंबद में रखरखाव का अभाव है। हालांकि, यहां बड़ा गुंबद के मुख्य गुंबद का संरक्षण का कार्य किया गया है। इसके अलावा इल्युमिनेशन का कार्य किया गया है। इससे यह स्मारक रात में रोशन रहता है। एएसआई के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक इसके संरक्षण के लिए टेंडर निकाला है। इसे जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा।
सिकंदर लोदी का मकबरा का बाहरी गुंबद बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह से पत्थर निकले हुए हैं। वहीं, वर्गाकार चबूतरे की दो छतरियों का रखरखाव नहीं हो रहा है। सिकंदर लोदी ने 1489-1517 तक शासन किया। वहीं, बड़ा गुंबद मोहम्मद शाह के मकबरे से तीन सौ मीटर पर स्थित है। इसकी टूटती दीवारें, महराब और कमजोर होती नींव बदहाली की कहानी कह रही है। इसी तरह शीश गुंबद के ऑर्च से पत्थर निकले हैं।
उधर, इसमें कई जगहों पर दरारें आ गई हैं। इनकी खाली जगहों को भरा जाएगा। सिकंदर लोदी के मकबरे से थोड़ी दूर पूर्व में सात मेहराबों वाला एक पुल है, जिसे नाले पर बनाया है। इस पुल का निर्माण बादशाह अकबर के शासन काल (1556-1605) के दौरान नवाब बहादुर नामक व्यक्ति ने करवाया था। इसका भी सरंक्षण होगा।
