नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी से दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज ‘एमवी गंगा विलास’ को हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि यह लग्जरी क्रूज भारत और बांग्लादेश के 5 राज्यों में 27 नदी प्रणालियों में 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगा। श्री सोनोवाल ने कहा कि इस सेवा के लॉन्च होने के साथ रिवर क्रूज की विशाल अप्रयुक्त क्षमता के इस्तेमाल की शुरुआत होगी। एमवी गंगा विलास भारत को दुनिया के नदी क्रूज मानचित्र पर लाएगा।
सोनोवाल ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 जनवरी को वाराणसी में एमवी गंगा विलास नामक दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज का शुभारंभ भारत के लिए नदी क्रूज पर्यटन के एक नए युग की शुरुआत करेगा।” उन्होंने कहा, “हमारी समृद्ध विरासत वैश्विक मंच पर और आगे बढ़ेगी क्योंकि पर्यटक आध्यात्मिक, शैक्षिक, कल्याण, सांस्कृतिक और साथ ही भारत की जैव विविधता की समृद्धि का अनुभव करने में सक्षम होंगे।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”काशी से सारनाथ तक, माजुली से मयोंग तक, सुंदरबन से काजीरंगा तक, यह क्रूज जीवन भर का अनुभव प्रदान करता है। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में यह अद्भुत पहल, भारत में रिवर क्रूज़ पर्यटन में एक नए युग की शुरुआत है’।’
