गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया में हार का सामना करना पड़ा। इसके पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी भारत को हार मिली थी। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने गंभीर पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद हर्षित राणा उनके सपोर्ट में उतर आए हैं।
नई दिल्ली: गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया में हार मिली। उससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत क्लीन स्वीप हुआ था। इसकी वजह से गंभीर की काफी आलोचना हो रही है। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और केकेआर में गंभीर के साथी रहे मनोज तिवारी काफी कुछ बोला है। इसके बाद भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा गंभीर के सपोर्ट में उतर गए हैं।
हर्षित राणा ने लगाई इंस्टाग्राम पर स्टोरी
हर्षित राणा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर गौतम गंभीर की तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘व्यक्तिगत असुरक्षा के कारण किसी की आलोचना करना ठीक नहीं है। गौती भैया दूसरों के बारे में खुद से ज्यादा सोचते हैं। जब खिलाड़ी खराब दौर से गुजर रहे होते हैं, तो वह हमेशा उनका सपोर्ट करते हैं। जब चीजें हमारे पक्ष में होती हैं तो वह उन्हें लाइमलाइट में लाते हैं। उन्होंने कई मौकों पर ऐसा किया है। उन्हें पता है कि खेल को अपने पक्ष में कैसे मोड़ना है।’
मनोज तिवारी ने हिप्पोक्रेट्स कहा
मनोज तिवारी ने गौतम गंभीर को ढोंगी कहा है। मनोज ने कहा, ‘गौतम गंभीर ढोंगी हैं। वह जो कहते हैं, वो करते नहीं हैं। कप्तान (रोहित) कहां से हैं, मुंबई से। अभिषेक नायर कहां से हैं? मुंबई से। उन्हें मुंबई के खिलाड़ी को आगे रखने का मौका मिला। जलज सक्सेना के लिए बोलने वाला कोई नहीं है। वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन चुप रहते हैं। मॉर्ने मोर्केल लखनऊ सुपर जायंट्स से आए हैं। अभिषेक नायर कोलकाता नाइट राइडर्स में गंभीर के साथ थे और भारतीय मुख्य कोच उनके साथ सहज हैं। उन्हें कोच की हां में हां मिलाना चाहिए।इसीलिए उन्हें लाया गया है।
राणा का ऑस्ट्रेलिया में हुआ था डेब्यू
हर्षित राणा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पर्थ टेस्ट में डेब्यू किया था। उन्हें गंभीर का करीबी माना जाता है। आईपीएल 2024 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे और गंभीर टीम के मेंटॉर। एडिलेड में हुए डे नाइट टेस्ट के बाद हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था।