केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलोर, हैदराबाद, कोचीन और अहमदाबाद हवाई अड्डों पर ‘फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम’ का उद्घाटन करेंगे। इससे यात्रियों को विश्व स्तरीय इमिग्रेशन सुविधाएं मिलेंगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा सहज और सुरक्षित हो जाएगी।
गृह मंत्रालय के अनुसार, इस कार्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदकों को अपना विवरण भरकर तथा आवश्यक दस्तावेज ftittp.mha.gov.in पोर्टल पर अपलोड करके ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करना होगा। पंजीकृत आवेदकों का बायोमेट्रिक डेटा या तो विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय में या हवाई अड्डे से गुजरते समय लिया जाएगा।
पंजीकृत यात्रियों को ई-गेट पर अपना एयरलाइन बोर्डिंग पास स्कैन करना होगा, उसके बाद अपना पासपोर्ट स्कैन करना होगा। आगमन और प्रस्थान दोनों बिंदुओं पर, यात्री के बायोमेट्रिक्स को ई-गेट पर प्रमाणित किया जाएगा। एक बार यह प्रमाणीकरण सफल हो जाने पर, ई-गेट अपने आप खुल जाएगा, और इमिग्रेशन क्लीयरेंस स्वीकृत माना जाएगा।
एफटीआई-टीटीपी को देश भर के 21 प्रमुख हवाई अड्डों पर लागू किया जाएगा। गृह मंत्री ने पिछले साल जून में नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल-3 से फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम की शुरुआत की थी।
