दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का फैसला किया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शाम दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख रुपये के टॉप-अप के साथ आयुष्मान भारत योजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा की पहली बैठक में 14 सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह सामान्य प्रशासन, सेवा, वित्त, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, भूमि एवं भवन, सूचना एवं जनसंपर्क, सतर्कता, प्रशासनिक सुधार, योजना तथा अन्य विभागों का कार्यभार संभालेंगी, जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं हैं।
आशीष सूद को गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभार दिया गया है। प्रवेश वर्मा को पीडब्ल्यूडी, विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण तथा जल एवं गुरुद्वारा चुनाव का प्रभार दिया गया है। सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा को खाद्य एवं आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण तथा उद्योग विभाग दिए गए हैं, जबकि डॉ. पंकज कुमार सिंह को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार दिया गया है। कपिल मिश्रा को कानून एवं न्याय, श्रम विभाग, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति, भाषा और पर्यटन विभाग का प्रभार दिया गया है।
