भारतीय रिजर्व बैंक, आरबीआई ने बड़े एक्सपोजर फ्रेमवर्क और क्रेडिट सूचना कंपनियों को क्रेडिट सूचना प्रस्तुत करने से संबंधित कुछ निर्देशों का पालन न करने के लिए सिटी बैंक पर उनतीस लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया है।
शीर्ष बैंक ने कल आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड पर छह लाख बीस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया क्योंकि यह कुछ उधारकर्ताओं की घरेलू आय की जानकारी क्रेडिट सूचना कंपनियों को देने में विफल रही। यह कुछ स्वर्ण ऋण ग्राहकों को तथ्य-पत्र प्रदान करने में भी विफल रहा, इसके अलावा यह उन सभी शिकायतों को स्वतः आगे बढ़ाने की प्रणाली स्थापित करने में भी विफल रहा जिन्हें इसके आंतरिक शिकायत निवारण तंत्र द्वारा आंशिक या पूर्ण रूप से खारिज कर दिया गया था, ताकि अंतिम निर्णय के लिए आंतरिक लोकपाल को भेजा जा सके।
जेएम फाइनेंशियल होम लोन्स लिमिटेड पर एक लाख पचास हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है क्योंकि यह जोखिम के वर्गीकरण के दृष्टिकोण और विभिन्न श्रेणियों के उधारकर्ताओं से अलग-अलग ब्याज दर वसूलने के औचित्य का खुलासा करने में विफल रहा। आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई विनियामक अनुपालन में कमियों पर आधारित है और इसका उद्देश्य कंपनी द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर निर्णय लेना नहीं है।
