केंद्र सरकार किसान संगठनों के साथ अगले दौर की वार्ता 19 मार्च को करेगी।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों के साथ नए दौर की चर्चा के बाद यह घोषणा की।
श्री चौहान ने कहा कि किसान संगठनों, किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के साथ चर्चा बहुत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई।
बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रहलाद जोशी के साथ ही दोनों संगठनों के किसान नेता भी शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने जगजीत सिंह दल्लेवाल और अन्य की बात सुनी है।
उन्होंने श्री दल्लेवाल के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली तथा उनसे आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की।
बैठक में भाग लेने वाले पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर विस्तृत चर्चा हुई।
