अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की कल व्हाइट हाउस आएंगे और अपने देश के दुर्लभ खनिजों पर अमेरिकी अधिकार देने वाले समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे तथा यूक्रेन युद्ध पर भी एक समझौता होगा। कल व्हाइट हाउस में अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में उद्घाटन भाषण में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, इस पर सभी काम हो चुके हैं और वे लोगों की हत्या रोकने के लिए रूस और यूक्रेन के साथ एक समझौता करने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन की मदद करने पर यूरोप से अधिक खर्च किया है, जबकि वे इससे सीधे तौर पर अधिक प्रभावित हैं। राष्ट्रपति ट्रम्प ने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दोनों से बात की है और उनके अधिकारियों ने दोनों देशों के समकक्षों के साथ चर्चा की है।
इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और यूक्रेनी टीमें कल बातचीत के लिए तैयारी कर रही हैं। श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलेंगे, जहाँ खनिज साझेदारी समझौता, यूक्रेन के लिए समर्थन और सुरक्षा गारंटी एजेंडे में शामिल होंगे।
