नई दिल्ली । दिल्ली सरकार के गृह विभाग के मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली को अपराध मुक्त बनाने को लेकर कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ वह भी शामिल हुए। बैठक में दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर बहुत गंभीर और विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय राजधानी के लिए सुरक्षा और शासन को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। हम सब मिलकर दिल्ली को सभी के लिए सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बैठक में गृह मंत्रालय, दिल्ली पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में जेल, अभियोजन व कलेक्टर कार्यालय द्वारा कानून व्यवस्था को मजबूत करना जैसे मुद्दे अहम थे।
आशीष सूद ने कहा कि अब दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है, जिसकी पायलट मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता है। इसलिए जल्द से जल्द दिल्ली में व्यापक व जमीनी बदलाव देखने को मिलेगा।
