रायपुर, 03 मार्च। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा में सरकार का वर्ष 2025-26 के लिए दूसरा बजट का बजट पेश किया। उन्होंने बताया कि इस बार का बजट जीएटीआई अर्थात गुड गवर्नेंस यानी सुशासन, ए से अक्सेलरेटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर यानी आधारभूत संरचना को गति देना, टी से टेक्नॉलॉजी यानी प्रौद्योगिकी और आई से इंडस्ट्रियल ग्रोथ यानी औद्योगिक विकास है। चौधरी ने 01 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले साल की तुलना 12 प्रतिशत ज्यादा है। उन्होंने अपने हाथों से लिखा बजट भाषण विधानसभा में प्रस्तुत किया।
वित्तमंत्री चौधरी ने कहा पिछले बजट में ज्ञान पर हमारा फोकस था, अब गति पर हमारा फोकस है। प्रदेश में पेट्रोल एक रुपये सस्ता मिलेगा। प्रदेश में कर्मचारियों का डीए 53 प्रतिशत किया गया है, यह अप्रैल से बढ़कर मिलेगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सड़कों के निर्माण पर नई योजना मुख्यमंत्री रिंग रोड योजना की घोषणा की है। इस योजना का नाम मुख्यमंत्री रिंग रोड योजना रखा है। इस योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। बजट में जानकारी दी गई है कि केंद्र ने छत्तीसगढ़ सरकार को 6,000 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की है। रेडी टू इट का कार्य पुनः महिला स्व सहायता समूहों को देना प्रारंभ कर दिया गया है।आने वाले समय में 8 लाख समूहों की महिलाओं को लखपति दीदी बनाए जाने का लक्ष्य बजट में रखा गया है।
वित्तमंत्री ने कहा कि पिछले बजट में हमारा फोकस ज्ञान पर था, अब गति पर हमारा फोकस है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब 14 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। बस्तर और सरगुजा के लोग हवाई यात्रा कर रहे हैं। रायपुर से 76 फ्लाइट चल रही हैं। सरकार ने 1 करोड 50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 10 हजार से 1.5 लाख पहुंच गई है। छत्तीसढ़ पावर सरप्लस बन गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विश्वविद्यालय की संख्या भी बढ़ गई है। प्रदेश में जमीन की रजिस्ट्री और आसान होगी। इसके लिए सुगम एप लांच किया गया है। राज्य की जीडीपी 5 लाख करोड़ के पार चली गई है।
वित्त मंत्री सदन में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि डीएमएफ फंड से दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। सरकार 250 करोड़ रुपये की लागत से दंतेवाड़ा में नया मेडिकल कॉलेज खोलेगी। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में कुल 14 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 11 सरकारी और 3 निजी संस्थान हैं। हाल ही में कवर्धा, मनेंद्रगढ़, जाजगीर-चांपा और गीदम में चार नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की गई है, जिससे राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इन नए कॉलेजों के साथ राज्य में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 1,820 से बढ़कर 2,320 हो गई है। उन्होंने बजट में रायपुर-दुर्ग के बीच मेट्रो चलाने को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। रायपुर-दुर्ग के बीच मेट्रो निर्माण के लिए सर्वे का काम जल्द शुरू हो सके, इसके लिए 5 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। राज्य में 11 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ दो विशेष संग्रहालय तैयार किए जाएंगे, जिससे छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जाएगा।
