नई दिल्ली, 3 मार्च। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से भेंट की। मुलाकात के दौरान गुप्ता ने 25 फरवरी को विधानसभा में दिए गए उपराज्यपाल के अभिभाषण के लिए सदन की ओर से औपचारिक रूप से उनका आभार व्यक्त किया।
विधानसभा में पहले ही एक प्रस्ताव पारित कर उपराज्यपाल के अभिभाषण की सराहना की गई थी। नियम 19(7) के तहत विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज व्यक्तिगत रूप से एक औपचारिक पत्र सौंपा और सदन की ओर से उपराज्यपाल के अभिभाषण के प्रति सम्मान प्रकट किया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उपराज्यपाल का अभिभाषण दिल्ली के विकास और सुशासन के रोडमैप को लेकर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान करता है। सदन की ओर से उनका आभार व्यक्त करना मेरे लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल के साथ उनकी मुलाकात काफी अच्छे माहौल में हुई।
दरअसल, हर साल दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत में उपराज्यपाल का अभिभाषण होता है, जिसमें सरकार की नीतियों, विकास योजनाओं और आने वाले साल के लिए सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र किया जाता है। इस बार 25 फरवरी को उपराज्यपाल ने अपने अभिभाषण में दिल्ली में बुनियादी ढांचे के विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी अहम योजनाओं पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए सरकार और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। उपराज्यपाल ने सरकार को यह भी याद दिलाया कि सुशासन के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में विधायी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनका मानना है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को मिलकर जनता के हित में काम करना चाहिए।
