राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी तीन बार जीतने वाली एकमात्र टीम बन गई है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट इतिहास रचने के लिए खिलाड़ी, प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ सबसे अधिक प्रशंसा के पात्र हैं।
प्रधानमंत्री ने भारतीय टीम की जीत की सराहना करते हुए इसे असाधारण परिणाम बताया। श्री मोदी ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत की जीत को ऐतिहासिक बताया। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए श्री शाह ने लिखा कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार जीत हासिल करने पर टीम इंडिया को बधाई। श्री शाह ने कहा कि पिच पर आपकी जोशीली ऊर्जा और अजेय दबदबे ने देश को गौरवान्वित किया और क्रिकेट उत्कृष्टता के लिए एक नया मानक स्थापित किया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय टीम की सराहना की। अपने सोशल मीडिया अकाउंट के ज़रिए श्री नड्डा ने टीम इंडिया की तीसरी चैंपियंस ट्रॉफी जीत पर बधाई दी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए उन्हें अजेय चैंपियन बताया। युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी भारत की जीत पर खुशी जताई।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी टीम इंडिया को तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने पर बधाई दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर टीम इंडिया की जीत पर संतोष व्यक्त किया है। इससे पहले उसने 2002 में श्रीलंका के साथ संयुक्त रूप से एक खिताब जीता था, 2013 में ‘कैप्टन कूल’ एमएस धोनी के नेतृत्व में दूसरा और अंत में हिटमैन शर्मा के नेतृत्व में 2025 की ट्रॉफी जीती थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी टीम इंडिया को शानदार जीत के लिए बधाई दी और कहा कि भारतीय टीम की उपलब्धि ने 140 करोड़ दिलों को गर्व से भर दिया है।
फिल्म जगत ने भारतीय क्रिकेट टीम को फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।
