केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश की कुल बिजली खपत में हरित ऊर्जा का योगदान 42 प्रतिशत से अधिक है। कल नई दिल्ली में 32वें कन्वर्जेंस इंडिया एक्सपो, स्मार्ट मोबिलिटी इंडिया एक्सपो और 10वें स्मार्ट सिटीज इंडिया 2025 को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार वैकल्पिक ईंधन और जैव ईंधन को विशेष प्राथमिकता दे रही है।
भविष्य में यात्रा के समय को कम करने वाली विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि दिल्ली और देहरादून, दिल्ली और जयपुर तथा चेन्नई और बेंगलुरु के बीच की दूरी दो घंटे तक कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय भी बारह घंटे तक कम हो जाएगा।
श्री गडकरी ने इस बात पर जोर दिया कि हर परियोजना में चार महत्वपूर्ण पहलू शामिल होते हैं – सिद्ध तकनीक, कच्चे माल की उपलब्धता, आर्थिक व्यवहार्यता और तैयार उत्पाद का विपणन। मंत्री ने यह भी कहा कि हमारा समाज नैतिकता, अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी और पर्यावरण के स्तंभों पर खड़ा है।
