नई दिल्ली । उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार आने से विकास की गति को तेजी मिली है। दिल्ली की भाजपा सरकार विकास कार्यों में आने वाली रुकावटों को दूर करने में भरोसा करती है।
विकास कार्यों को गति देते हुए मनोज तिवारी ने बुधवार को खजूरी खास की दो सड़कों एवं डॉ भीमराव आंबेडकर कॉलेज के सामने की सड़क का शिलान्यास किया। खजूरी खास की दो सड़कों का निर्माण ग्रामोदय अभियान के तहत लगभग एक करोड़ 12 लाख की लागत से नगर निगम द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा आंबेडकर कॉलेज के सामने की सड़क का निर्माण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा लगभग सवा करोड़ की लागत से किया जाएगा। दोनों विकास कार्य चार महीने में पूर्ण किए जाएंगे।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में अब डबल इंजन की सरकार का असर दिखने लगा है और विकास की गति को तेजी मिली है। बेहतर समन्वय और पारदर्शी व्यवस्था से कई रुके काम शुरू कर दिए गए हैं और आज शिलान्यास के बाद बनने वाली इन सड़कों का बेहतर प्रमाण आपके सामने हैं। उन्होंने कहा कि लगभग ढाई करोड़ की लागत से तीन सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
मनोज तिवारी ने कहा कि पूर्व की केजरीवाल सरकार भेदभाव और काम में रुकावट डालने की राजनीति करती थी जबकि भाजपा की सरकार विकास कार्यों में आने वाली रुकावटों को दूर करने में भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार राजनीतिक हित के लिए दिल्ली के जनहित की बलि चढ़ाती रही जबकि भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को अमल में लाकर रही है। उन्होंने कहा कि अब चाहे केंद्र सरकार की योजना हो या फिर दिल्ली सरकार के विकास कार्य की गति को धीमा नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर डीएम अजय कुमार, निगम उपायुक्त कर्नल विनोद अत्रे, आंबेडकर कालेज प्राचार्य सदानंद प्रसाद, निगम पार्षद मुकेश बंसल नीता बिष्ट सिमला देवी, जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी ग्रामोदय अभियान के सदस्य आनंद त्रिवेदी एवं प्रमोद झा के अलावा दिल्ली नगर निगम अधिशासी अभियंता ओपी ओझा कनिष्ठ अभियंता सुब्रमण्यम एवं दिल्ली विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र तोमर मौजूद रहे।
