नई दिल्ली। भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश खत्री ने बुधवार को सदन में विधायकों के साथ कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने और उनका वेतन न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत कुशल श्रेणी के अनुसार बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया।
सूर्य प्रकाश खत्री ने कहा कि अभी विधायकों को दो डाटा एंट्री ऑपरेटर रखने की व्यवस्था है और उन्हें 15-15 हजार रुपये वेतन मिलते हैं। हर विधानसभा में जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। एक विधायक को स्थानीय लोगों का काम करने के लिए कम से कम चार डाटा एंट्री ऑपरेटर देने और इसका वेतन कुशल श्रेणी के अनुसार बढ़ाने की मांग सदन में उठाई। भाजपा विधायक अभय कुमार वर्मा, तरविंदर मारवाह, कुलवंत राणा इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
इस प्रस्ताव पर आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने सहमति दी। उन्होंने कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटर्स की सैलरी बढ़नी चाहिए। हमने पिछले सदन में भी इसे लेकर आवाज़ उठाई थी। ये लोग कुशल श्रेणी के होते हैं और इसके अनुसार इनका वेतन 26 हजार से ज्यादा होना चाहिए। हमारी विधानसभा में ही चार लाख से ज्यादा है और काम के लिए ज्यादा लोगों की जरूरत होती है। इसलिए हम चाहते हैं कि इनकी संख्या दो से बढ़ाकर चार किया जाए। आआपा विधायक विशेष रवि, अनिल झा ने भी डाटा एंट्री ऑपरेटर की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने और उनका वेतन न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत कुशल श्रेणी के अनुसार बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सदन की भावना का सरकार सम्मान करती है। इस मामले पर समिति बनाकर आगे बढ़ेगी।
