नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी सहित आआपा नेता एक ही मुद्दे पर रोज बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के अगले दिन से ही आतिशी सहित आआपा नेता महिला समृद्धि योजना के 2500 रुपये को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में भी अब आआपा नेता इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी कर रही हैx।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली बजट 2025-26 में दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना के लिए बजट आवंटित कर दिया तो अब भी आतिशी ने बजट पूर्व प्रस्तुत होने वाले आर्थिक सर्वेक्षण का मुद्दा उठा लिया है। उन्होंने कहा कि अगर रेखा गुप्ता सरकार बजट पूर्व आर्थिक सर्वेक्षण नहीं रख पाई तो उसका कारण अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा अपने भ्रष्टाचार को दबाने के विभागीय आडिट न करवाना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की महिलाएं भाजपा नेतृत्व के महिला समृद्धि योजना एवं सिलेंडर देने के वादे पर विश्वास करती हैं। दिल्ली की जनता यह भी जानती हैं कि सब नियम बना कर इसी वित्त वर्ष 2025-26 से महिलाओं को यह सुविधाएं मिलने भी लगेंगी।
